रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। विधानसभा परिसर में सचिव दिनेश शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
सचिव ने पढ़ा विधानसभा अध्यक्ष का संदेश
ध्वजारोहण के बाद विधानसभा सचिव श्री दिनेश शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेषित संदेश का वाचन किया।
अपने संदेश में डॉ. रमन सिंह ने स्वतंत्रता दिवस को देश के असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने तथा उनसे प्रेरणा लेने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह दिन प्रत्येक नागरिक के लिए आत्मावलोकन का भी अवसर है। हमें विचार करना चाहिए कि हम अपने राष्ट्रीय दायित्वों के निर्वहन के प्रति कितने सजग और समर्पित हैं।
शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के असंख्य शहीदों के बलिदान की नींव पर ही स्वतंत्र भारत की इमारत खड़ी हुई है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने कार्य, विचार और व्यवहार के माध्यम से समुन्नत एवं सुदृढ़ भारत के निर्माण के सपने को साकार करने के लिए सार्थक और सकारात्मक पहल करने का आह्वान किया।
नई पीढ़ी तक पहुंचाएं स्वतंत्रता की गौरवगाथा
डॉ. रमन सिंह ने नागरिकों से भारतीय स्वतंत्रता की गौरवशाली गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के संकल्प में अपना योगदान देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण की प्रेरणा मिलती है।
रोशनी से जगमगाया विधानसभा परिसर
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधानसभा परिसर को आकर्षक एवं नयनाभिराम रोशनी से सजाया गया। रोशनी से जगमगाता पूरा परिसर देशभक्ति और उत्सव के माहौल से सराबोर नजर आया।


