कोरबा। जिले में लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच मिनीमाता बांगो जलाशय का जलस्तर 92.48 प्रतिशत तक पहुंच गया है। जलाशय पर बढ़ते दबाव और जलभराव की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने तीन गेट खोल दिए हैं। इन गेटों से करीब 3005 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका
जलाशय से पानी छोड़े जाने के बाद डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। नदी किनारे रहने वाले लोगों से सावधान रहने और जलस्रोतों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की गई है।
35 गांवों में कराई जा रही मुनादी
संभावित जलभराव को देखते हुए नदी किनारे बसे 35 गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को अलर्ट किया जा रहा है। लोगों से मवेशियों, कृषि उपकरणों और अन्य जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की अपील की गई है, ताकि किसी भी तरह की जन-धन हानि से बचा जा सके।
स्थानीय प्रशासन जलाशय के जलस्तर और पानी के बहाव पर लगातार नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों को नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने कहा गया है।
खदान संचालकों और उद्योगों को भी अलर्ट
मिनीमाता बांगो परियोजना के कार्यपालन अभियंता की ओर से खनिज खदान ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों और विभिन्न संस्थानों को भी सूचना जारी की गई है। नदी के आसपास संचालित गतिविधियों में सुरक्षा मानकों का पालन करने और पानी का बहाव बढ़ने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
स्वतंत्रता दिवस पर रोशनी से जगमगाया बांगो डैम
इधर, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिनीमाता बांगो डैम को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता जलाशय लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग डैम का नजारा देखने पहुंच रहे हैं।
हालांकि, प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने की अपील की है।
अतिरिक्त गेट खोले जाने की संभावना
प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने कहा है। जलस्तर में और वृद्धि होने की स्थिति में अतिरिक्त गेट खोलने का निर्णय लिया जा सकता है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन से संपर्क करने की अपील की गई है।


