“काट दूंगा, मेरा ग्रुप चलता है!”—CCTV फुटेज के बावजूद 11 दिन से कार्रवाई नहीं, पीड़ित ने SP से लगाई न्याय की गुहार

Advertisement
Advertisement

मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप, कटघोरा पुलिस पर कार्रवाई में देरी के सवाल

कोरबा/कटघोरा। कटघोरा क्षेत्र के मौहापानी में मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद उसने डायल 112 को सूचना दी और अगले दिन कटघोरा थाने में नामजद लिखित शिकायत भी दी, लेकिन 11 दिन बीतने के बावजूद मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध होने का दावा किया गया है। कार्रवाई नहीं होने से परेशान पीड़ित ने अब पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर सुरक्षा और न्याय की मांग की है।

दुकान जाते समय रोककर मारपीट का आरोप

भेलवाटिकरा, मौहापानी निवासी भरतलाल यादव ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 12 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे वह देउरभांठा स्थित वंश किराना दुकान में सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही बलराम सिंह कंवर ने कथित तौर पर उन्हें रास्ते में रोक लिया।

पीड़ित के अनुसार आरोपी शराब के नशे में था और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि घटना के दौरान आरोपी ने थाने में शिकायत करने पर घर में घुसकर जान से मारने की धमकी भी दी।

CCTV कैमरे में घटना कैद होने का दावा

पीड़ित ने अपने आवेदन में बताया है कि मारपीट की पूरी घटना दुकान के आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। घटना के बाद उसने डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया।

13 अगस्त को थाने में दी लिखित शिकायत

भरतलाल यादव के मुताबिक घटना के अगले दिन 13 अगस्त को कटघोरा थाने में नामजद लिखित शिकायत दी गई। उनका आरोप है कि शिकायत और कथित CCTV साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

पीड़ित का कहना है कि कार्रवाई में देरी के कारण आरोपी के हौसले बढ़ रहे हैं और वह लगातार धमकियां दे रहा है। परिवार को किसी अप्रिय घटना की आशंका है।

SP से लगाई सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार

मामले में पीड़ित ने अब कोरबा पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप की मांग की है। आवेदन में आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि होना बाकी है। अब देखना होगा कि पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में मामला आने के बाद कटघोरा पुलिस इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है।

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article