शहादत के सम्मान से जुड़ी स्नेह की डोर, शहीद की पत्नी ने मुख्यमंत्री साय को बांधी राखी

Advertisement
Advertisement

राखी बंधवाकर भावुक हुए मुख्यमंत्री, बोले- “मेरी सगी बहन नहीं, आज माधुरी जी ने वह कमी पूरी कर दी”

रायपुर, 25 अगस्त 2026। रक्षाबंधन से पहले राजधानी रायपुर में भाई-बहन के स्नेह और शहादत के सम्मान से जुड़ा भावुक दृश्य देखने को मिला। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में नक्सली मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा की धर्मपत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी। इस आत्मीय क्षण में मुख्यमंत्री भावुक हो उठे।

“मेरी सगी बहन नहीं है, आज माधुरी जी ने कमी पूरी कर दी”

राखी बंधवाने के बाद मुख्यमंत्री साय ने भावुक स्वर में कहा, “मेरी कोई सगी बहन नहीं है। हम लोग भाई ही भाई हैं। आज माधुरी जी ने मेरी कलाई पर राखी बांधी है। मुझे सगी बहन से भी बढ़कर बहन मिली है।”

मुख्यमंत्री के इन शब्दों के बाद कार्यक्रम का माहौल भावुक हो गया। एक ओर वह बहन थीं, जिन्होंने प्रदेश और देश की सुरक्षा के लिए अपने जीवनसाथी को खोया, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने उनकी राखी को केवल रक्षा सूत्र नहीं, बल्कि आत्मीय भाई-बहन के रिश्ते के रूप में स्वीकार किया।

शहीद परिवार को मुख्यमंत्री ने दिया भरोसा

मुख्यमंत्री श्री साय ने श्रीमती माधुरी वर्मा को भरोसा दिलाया कि शहीद युगल किशोर वर्मा का परिवार अकेला नहीं है। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों के सुख-दुःख, सम्मान और भविष्य की चिंता करना सरकार का दायित्व होने के साथ-साथ आत्मीय कर्तव्य भी है।

उन्होंने कहा कि माधुरी जी ने राखी बांधकर भाई-बहन का रिश्ता मजबूत किया है और एक भाई के रूप में उनके परिवार के प्रति जिम्मेदारी और भी गहरी हो गई है।

शहीद जवान के बलिदान को किया नमन

मुख्यमंत्री ने शहीद उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अपने वीर जवानों और उनके परिवारों का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि जवानों ने अपना आज इसलिए न्योछावर किया, ताकि छत्तीसगढ़ की आने वाली पीढ़ियों का कल सुरक्षित हो सके।

‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में बंधी यह राखी शहीद परिवार के प्रति सम्मान, संवेदना और जिम्मेदारी का प्रतीक बन गई।

Advertisement
Share This Article