मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग ने विद्यार्थियों को दिए सफलता और जीवन निर्माण के मूल मंत्र
बिलासपुर, 25 अगस्त 2026। एलसीआईटी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस, बिलासपुर में कला एवं मानविकी विभाग द्वारा नवागत विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘वेनिस कार्निवल-द वेलकम गाला’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज के सेमिनार हॉल में हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग (IPS) शामिल हुए।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद राष्ट्रगीत और राज्यगीत प्रस्तुत किया गया। महाविद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि का श्रीफल, पौधा, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में एलसीआईटी के चेयरमैन प्रमोद जैन, ट्रस्टी, उपकार, अभिनव, पटनायक, त्यागी एवं मनीष सिन्हा सहित एनसीसी अधिकारी, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
मानविकी विषयों की उपयोगिता बताई
अपने प्रेरणादायी संबोधन में आईजी रामगोपाल गर्ग ने कला एवं मानविकी विषयों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि UPSC, CGPSC सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और प्रशासनिक एवं पुलिस सेवाओं की तैयारी में इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, हिंदी-अंग्रेजी एवं मातृभाषा तथा अर्थशास्त्र जैसे विषय महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यार्थियों को बताए सफलता के सूत्र
आईजी गर्ग ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए कई व्यावहारिक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि दूसरों को पीछे करने के बजाय स्वयं को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। ईर्ष्या से दूर रहकर आत्म-विकास की दिशा में निरंतर प्रयास करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ज्ञान बांटने से बढ़ता है, इसलिए विद्यार्थियों को अपने सहपाठियों और मित्रों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने अंकसूची के बजाय चरित्र, अनुशासन और सही प्रश्न पूछने की क्षमता को वास्तविक पहचान बताया।
उन्होंने कठिन परिश्रम के साथ स्मार्ट वर्क, एकाग्रता और सही रणनीति अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि समय बेहद मूल्यवान है और बीता हुआ समय कभी वापस नहीं आता।
यातायात सुरक्षा को लेकर किया जागरूक
आईजी गर्ग ने युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए हेलमेट की उपयोगिता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट केवल पुलिस के चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए पहनना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों का पालन करने का भी आह्वान किया।
रिसर्च और सामाजिक समस्याओं पर भी चर्चा
आईजी गर्ग ने कहा कि रिसर्च केवल विज्ञान तक सीमित नहीं है। समाजशास्त्र के विद्यार्थी नशे और ड्रग्स जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रभावों पर शोध कर सरकार को प्रभावी नीति निर्माण में सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने के लिए प्रेरणादायक फिल्में देखने का सुझाव भी दिया।
एनसीसी कैडेट्स का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग ने एनसीसी के छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के समापन पर एलसीआईटी के चेयरमैन प्रमोद जैन ने मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग का आभार व्यक्त किया और नवागत विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्टर — अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़




