पत्नी की हत्या के मामले में पति गिरफ्तार, झाड़ियों में मिला था महिला का शव

Advertisement
Advertisement

गौरेला के अंजनी गांव में वारदात, पुलिस जांच में सामने आई घटना की पूरी कहानी

पेंड्रा। गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम अंजनी में झाड़ियों के बीच महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में पति पर पत्नी की हत्या करने का आरोप सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

झाड़ियों में मिला था महिला का शव

पुलिस के मुताबिक, अंजनी गांव में झाड़ियों के पास महिला का शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद गौरेला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी, पति सुमित कुमार यादव, निवासी रूपौली, जिला पूर्णिया (बिहार) के रूप में हुई।

पत्नी को परिचित के साथ देखने के बाद हुआ विवाद

पुलिस की विवेचना में सामने आया कि घटना 9 सितंबर 2026 की रात करीब 2 बजे की है। आरोपी सुमित कुमार यादव (32 वर्ष) ने अपनी पत्नी को कमरे में नहीं पाया। आसपास तलाश करने के दौरान उसने पत्नी को उसके परिचित जितेन्द्र मंडल के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा।

पुलिस के अनुसार, इस बात से नाराज होकर आरोपी जितेन्द्र मंडल की ओर मारने के लिए दौड़ा, लेकिन जितेन्द्र वहां से भाग गया। इसके बाद आरोपी और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान झूमाझटकी के बीच आरोपी ने कथित रूप से लोहे के चाकू से पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई।

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश का आरोप

घटना के बाद महिला का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। जेपी एग्रोटेक के मजदूरों ने झाड़ियों में शव देखे जाने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने और जांच को भटकाने के उद्देश्य से शुरुआत में पुलिस को गलत जानकारी दी थी। हालांकि, घटनास्थल के निरीक्षण, तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।

साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुमित कुमार यादव की कथित संलिप्तता की पुष्टि की और उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

गौरेला थाने में अपराध क्रमांक 395/2026 दर्ज कर धारा 103(1), 238(ख) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर – प्रशान्त डेनियल
मोबाइल – 7828438374
लोकेशन – पेंड्रा

Advertisement
Share This Article