खिलाड़ियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ लिया हिस्सा, दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश
बिलासपुर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में सेंटर के खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले खिलाड़ियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया परिसर
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आया। खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ तिरंगा लहराते हुए राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना व्यक्त की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने का प्रयास
खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना जागृत करना रहा। तिरंगा यात्रा के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया गया।
रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
स्टेट रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
दिनांक : 11 अगस्त 2026




