मेधावी छात्रों के सपनों को SBI Foundation के पंख, ₹15 लाख तक की स्कॉलरशिप; 4 सितंबर तक करें आवेदन

Advertisement
Advertisement

नई दिल्ली। आर्थिक तंगी अब होनहार विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा में बाधा नहीं बनेगी। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) फाउंडेशन की ओर से जरूरतमंद और मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए ‘एसबीआई प्लेटिनम जुबली आशा स्कॉलरशिप 2026-27’ शुरू की गई है। योजना के तहत कक्षा 9वीं से लेकर आईआईटी, आईआईएम, मेडिकल और विदेश में उच्च शिक्षा हासिल करने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता दी जाएगी।

कक्षा 9वीं से विदेश में पढ़ाई तक मिलेगी मदद

स्कॉलरशिप के तहत अलग-अलग स्तर के विद्यार्थियों के लिए सहायता राशि निर्धारित की गई है। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को ₹15 हजार प्रति वर्ष, स्नातक स्तर पर ₹75 हजार, जबकि स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को ₹1.50 लाख तक की सहायता दी जाएगी।

वहीं एमबीबीएस और आईआईटी विद्यार्थियों को ₹2 लाख, आईआईएम के विद्यार्थियों को ₹5 लाख तथा विदेश में पोस्टग्रेजुएट या उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले चयनित विद्यार्थियों को ₹15 लाख तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को पिछली एवं नवीनतम कक्षा या सेमेस्टर की मार्कशीट, सरकारी फोटो पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, परिवार का आय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की प्रति और वर्तमान संस्थान का बोनाफाइड सर्टिफिकेट या एडमिशन प्रूफ देना होगा।

इसके अलावा फीस रसीद अथवा कॉलेज का अधिकृत फीस स्ट्रक्चर भी आवश्यक होगा। आरक्षित वर्ग और दिव्यांग विद्यार्थियों को संबंधित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।

4 सितंबर है आवेदन की अंतिम तारीख

पात्र विद्यार्थी आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान अपनी संबंधित श्रेणी का चयन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारी को अच्छी तरह जांचना जरूरी है।

आवेदन की अंतिम तिथि 4 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। पात्र विद्यार्थियों को अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

रिपोर्टर — अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article