पेंड्रा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान एवं वन महोत्सव के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर की अपील पर छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर्स कल्याण संघ, जीपीएम एवं भारतीय जनता पार्टी शिक्षा प्रकोष्ठ, जीपीएम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के तहत बड़ी संख्या में फलदार पौधे लगाए गए।
पौधारोपण कार्यक्रम गुरु मंत्र हायर सेकेंडरी स्कूल, अमरपुर (पेंड्रा) परिसर में संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर सुरक्षित होने के कारण यहां विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने पेंड्रा, गौरेला, मरवाही और कोटमी तहसील क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला सचिव प्रकाश नामदेव एवं भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक ने सभी पेंशनर्स से अपने घर, खेत, बगीचे और उपलब्ध भूमि पर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उनकी अपील पर सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण अभियान में भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रकाश नामदेव, सोमनाथ तिवारी, अवनीश पांडे, अनुपम मैथ्यू, एम.पी. गुप्ता, कीर्ति कुमार कश्यप सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स संघ के सदस्य एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजकों ने इस अभियान को पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।




