रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बरौनाकुंडा में तीर-धनुष और लोहे का कत्ता लेकर ग्रामीणों में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का कत्ता तथा तीर-धनुष बरामद कर जब्त किया गया है। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 की दोपहर ग्राम बरौनाकुंडा के एक ग्रामीण ने थाना घरघोड़ा पहुंचकर सूचना दी कि गांव का विद्याधर अगरिया लोहे का कत्ता और तीर-धनुष लेकर गली में लोगों को धमका रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस जब गवाहों के साथ आरोपी के घर के पास पहुंची तो आरोपी हथियार लहराते हुए पुलिस की ओर बढ़ने लगा और सामने आने वालों को जान से मारने की धमकी देने लगा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संयम और सूझबूझ से घेराबंदी कर आरोपी को सुरक्षित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान विद्याधर अगरिया (33 वर्ष), पिता रतिराम अगरिया, निवासी ग्राम बरौनाकुंडा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक लोहे का कत्ता और तीर-धनुष बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद थाना घरघोड़ा में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई डेविड टोप्पो, आरक्षक बसंत तिर्की एवं आरक्षक उधोराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ग्रामीणों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ।


