श्रावण के पहले सोमवार को एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, प्रशासन ने दिए समन्वय के निर्देश
कांसबहाल, 18 जुलाई। पश्चिम ओडिशा के प्रसिद्ध शैवपीठ घोघड़ मंदिर में आगामी श्रावण मेले के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर शनिवार को मंदिर परिसर में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर ट्रस्ट, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मेले की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
29 जुलाई से शुरू होगा श्रावण मास
तहसीलदार जगबंधु मलिक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 29 जुलाई से प्रारंभ होने वाले श्रावण मास तथा पहले सोमवार (3 अगस्त) को श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों पर चर्चा की गई।
हर सोमवार पहुंचते हैं एक लाख से अधिक श्रद्धालु
मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य जितेंद्र कुमार दास ने स्वागत भाषण दिया। वहीं ट्रस्टी हरिकिशन अग्रवाल ने बताया कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को जलाभिषेक के लिए एक लाख से अधिक श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। इसे देखते हुए भीड़ नियंत्रण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, शौचालय, पार्किंग और श्रद्धालुओं के लिए विश्रामगृह जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करना आवश्यक है।
बेहतर समन्वय के साथ होगी व्यवस्थाएं
बैठक में खंड विकास अधिकारी अक्षय कुमार बाग, राजगांगपुर एसडीपीओ विभूति भूषण भोई तथा राजगांगपुर थाना प्रभारी विजय कुमार दास ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर श्रावण मेले के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
कई जनप्रतिनिधि और स्वयंसेवी संगठन रहे मौजूद
बैठक में कांसबहाल फांडी प्रभारी हरिश छातार, ढेलुआ सरपंच चंपावती एक्का, संदीप अग्रवाल, मोहन अग्रवाल सहित विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जितेंद्र कुमार दास ने सभी का आभार व्यक्त किया।




