बिलासपुर में गूंजेगा ‘जय हिंद’, जनवरी में अग्निवीर भर्ती रैली

Advertisement
Advertisement

बहतराई स्पोर्ट्स स्टेडियम में 12 से 19 जनवरी तक होगी भर्ती रैली

छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के पात्र पुरुष अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर

बिलासपुर, 2 सितंबर 2026। भारतीय सेना में शामिल होकर देशसेवा का सपना देख रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (ARO) रायपुर की ओर से अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन बिलासपुर के बहतराई स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। भर्ती रैली 12 से 19 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है।

इन पदों पर भर्ती का अवसर

भर्ती रैली में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के पात्र पुरुष अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। भर्ती के तहत अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन के पदों के लिए अवसर उपलब्ध होगा। ट्रेड्समैन श्रेणी में 10वीं और 8वीं पास अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग पात्रता निर्धारित है।

ऑनलाइन पंजीकरण जरूरी

भर्ती रैली में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य होगा। पंजीकरण, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी भारतीय सेना की आधिकारिक भर्ती अधिसूचना में देखी जा सकती है।

साथ लाने होंगे जरूरी दस्तावेज

रैली के दौरान अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, चरित्र प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रति और फोटोकॉपी साथ लानी होगी। दस्तावेजों की सूची एवं निर्धारित प्रारूप के लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक अधिसूचना का अध्ययन करने की सलाह दी गई है।

शारीरिक दक्षता भी होगी महत्वपूर्ण

चयन प्रक्रिया में निर्धारित शारीरिक माप परीक्षण (PMT), शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET), दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सा परीक्षण और सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) जैसी प्रक्रियाएं शामिल होंगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के साथ-साथ शारीरिक तैयारी पर भी विशेष ध्यान देना होगा।

दलालों से सावधान रहने की अपील

ARO रायपुर ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों को किसी भी दलाल या बिचौलिए के झांसे में नहीं आने की सलाह दी है। सेना में भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों और योग्यता के आधार पर होती है। भर्ती के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पैसे या रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

आधिकारिक जानकारी से ही करें पुष्टि

भर्ती से संबंधित तारीख, पात्रता, पंजीकरण और अन्य महत्वपूर्ण बदलावों की जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर नियमित रूप से नजर रखने की सलाह दी गई है। इसके अलावा जानकारी के लिए ARO रायपुर के दूरभाष नंबर 0771-2965212 पर संपर्क किया जा सकता है।

छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए यह भर्ती रैली भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर है। अभ्यर्थियों से अपील है कि वे समय रहते पंजीकरण पूरा कर भर्ती परीक्षा और शारीरिक परीक्षण की तैयारी शुरू करें।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article