Education News : VSK ऐप की तकनीकी खामियां जल्द होंगी दूर, किसी शिक्षक का वेतन नहीं कटेगा – शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्पष्ट किया है कि VSK ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि राज्य सरकार ने ऐप में आ रही त्रुटियों को गंभीरता से लिया है।

15 अगस्त तक तकनीकी समस्याओं के समाधान का लक्ष्य

शिक्षा मंत्री ने बताया कि संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को VSK ऐप की सभी तकनीकी खामियों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य 15 अगस्त 2026 तक ऐप को पूरी तरह सुचारु बनाना है, ताकि शिक्षक बिना किसी परेशानी के अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर सकें।

85 प्रतिशत शिक्षक नियमित दर्ज कर रहे ऑनलाइन उपस्थिति

गजेंद्र यादव ने बताया कि प्रदेश के लगभग 1.75 लाख शिक्षकों में से करीब 1.5 लाख शिक्षक (लगभग 85 प्रतिशत) प्रतिदिन VSK ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। उन्होंने इसे शिक्षकों की जिम्मेदारी, अनुशासन और नई तकनीक को अपनाने की सकारात्मक पहल बताया।

शिक्षकों के सुझावों से होगा ऐप में सुधार

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षकों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर VSK ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी एवं प्रभावी बनाया जाएगा। सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक-सक्षम बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

तकनीकी दिक्कत से किसी शिक्षक का हित प्रभावित नहीं होगा

उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में समस्या आती है, तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी। किसी भी शिक्षक को तकनीकी खामी का नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा।

शिक्षकों से की सहयोग की अपील

शिक्षा मंत्री ने सभी शिक्षकों से VSK ऐप का पूर्व की तरह उपयोग जारी रखने और किसी भी तकनीकी समस्या या सुझाव को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार हर सुझाव पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक सुधार करेगी।

Advertisement
Share This Article