Raigarh Banking News : रायगढ़ को मिली इंडियन ओवरसीज बैंक की नई शाखा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया लोकार्पण

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। शहर के चैतन्य नगर स्थित कृष्णा क्राउन कॉम्प्लेक्स में इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) की नई शाखा का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर शाखा का विधिवत लोकार्पण किया।

आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से मिलेगा लाभ

नई शाखा में ग्राहकों को बचत एवं चालू खाते, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, एटीएम, डिजिटल बैंकिंग, कृषि एवं व्यवसायिक ऋण सहित कई आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे रायगढ़ और आसपास के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं सुगम बैंकिंग सेवाएं मिल सकेंगी।

वित्तीय समावेशन और आर्थिक विकास को मिलेगी गति

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार केवल वित्तीय सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह डिजिटल लेन-देन, वित्तीय समावेशन, व्यापार, उद्योग, स्वरोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा देता है। उन्होंने कहा कि नई शाखा से किसानों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों को विशेष लाभ मिलेगा।

बेहतर और भरोसेमंद सेवाओं का भरोसा

इंडियन ओवरसीज बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक (रायपुर) गौरी शंकर नायक ने कहा कि बैंक आधुनिक तकनीक आधारित तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि रायगढ़ की नई शाखा ग्राहकों की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी।

जनप्रतिनिधि और बैंक अधिकारी रहे मौजूद

लोकार्पण समारोह में महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, एमआईसी सदस्य मुक्तिनाथ, पवन अग्रवाल, बैंक के राज्य विपणन प्रमुख बृजेश सिंह गौतम, शाखा प्रबंधक प्रताप कुमार प्रधान, सहायक प्रबंधक जयराम दोराई, लिपिक संजय डे सहित बैंक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article