कुनकुनी में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को कराया गया न्योता भोज, योजनाओं की जानकारी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन सम्मानित
रायगढ़, 5 अक्टूबर 2026। जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित किए जा रहे आंगन मिलन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है। इसी क्रम में खरसिया परियोजना के सेक्टर चपले अंतर्गत ग्राम पंचायत कुनकुनी में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

महिलाओं और बच्चों को दी गई पोषण संबंधी जानकारी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीडीसी संत कुमार राठिया ने सरस्वती माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना और कलश स्थापना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सरपंच श्रीमती भानुप्रिया राठिया, महिला पंच सपना बंजारे, सविता देवी एवं अनीता राठिया सहित अतिथियों का तिलक, आरती एवं गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों ने योजनाओं से मिले लाभ और उससे परिवार को मिली सहायता के अनुभव भी साझा किए।
गर्भवती माताओं की हुई गोदभराई
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन को श्रीफल और प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। गर्भवती माताओं की गोदभराई की रस्म भी कराई गई। जनप्रतिनिधियों ने मुनगा के पौधे का रोपण कर पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
बच्चों को कराया गया न्योता भोज
कार्यक्रम में 3 से 6 वर्ष आयु के बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया गया। वहीं एमपीडब्ल्यू द्वारा महिलाओं एवं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम में मितानिन सहोद्रा राठौर, रामकुमारी चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
