सेवा संकल्प अभियान में स्वच्छाग्रही दीदियों का सम्मान, सांसद राधेश्याम राठिया ने प्रदान किए प्रशस्ति पत्र

Advertisement

अमलीडीह में आयोजित शिविर में स्वच्छता के प्रति योगदान की सराहना, स्वच्छ गांव और विकसित भारत @2047 का लिया संकल्प

रायगढ़, 5 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत अमलीडीह, जनपद पंचायत घरघोड़ा में आयोजित शिविर में स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने वाली स्वच्छाग्रही दीदियों को सम्मानित किया गया। लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की और स्वच्छता के प्रति उनके समर्पण के लिए उत्साहवर्धन किया।

स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी : सांसद राठिया

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छाग्रही दीदियां गांवों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और लोगों को इसके लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार की जागरूकता और सहभागिता से ही स्वच्छ गांव और स्वच्छ समाज का निर्माण संभव है। सांसद ने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

जनभागीदारी को मजबूत कर रहा सेवा संकल्प अभियान

सांसद ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने और विकसित भारत @2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में श्री अरुणधर दीवान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

1 से 7 अक्टूबर तक आयोजित हो रहे शिविर

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकायों में 1 से 7 अक्टूबर तक शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में पात्र नागरिकों को विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

Share This Article