उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की

Advertisement

गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

लापरवाही और धीमी प्रगति पर होगी कार्रवाई

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय
छत्तीसगढ़

बिलासपुर, 24 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने मुंगेली जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबे समय से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्ध प्रगति सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

योजनाओं का लाभ समय पर नागरिकों तक पहुंचाएं

श्री साव ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ समय पर नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से विकास कार्यों की समीक्षा करें और स्थल निरीक्षण कर वास्तविक प्रगति की जानकारी लें।

उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और कार्यों की धीमी प्रगति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध निलंबन जैसी कार्रवाई की जा सकती है।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति देने और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Share This Article