कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त जांच टीम की औचक कार्रवाई, मौके से 939 सिलेंडर जब्त
उपभोक्ताओं के बयान भी दर्ज, सात दिन में कलेक्टर को सौंपा जाएगा जांच प्रतिवेदन
रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय
स्टेट हेड, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
बिलासपुर, 24 अगस्त 2026। बालाजी गैस एजेंसी के मगरपारा स्थित कार्यालय और महाराणा चौक स्थित गैस गोदाम में जिला प्रशासन की संयुक्त जांच टीम ने सोमवार को औचक कार्रवाई की। जांच के दौरान ऑनलाइन रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक में बड़ी विसंगति सामने आई। टीम ने मौके से कुल 939 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं, जिनमें 452 भरे और 487 खाली सिलेंडर शामिल हैं।
जांच में ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार 864 भरे सिलेंडर होने चाहिए थे, जबकि मौके पर सिर्फ 452 भरे सिलेंडर मिले। इस तरह रिकॉर्ड की तुलना में 412 भरे सिलेंडर कम पाए गए।
लगातार शिकायतों के बाद जांच के निर्देश
बालाजी गैस एजेंसी के खिलाफ उपभोक्ताओं से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने राजस्व, खाद्य विभाग और आईओसीएल की संयुक्त जांच टीम गठित की थी। टीम को एजेंसी के स्टॉक और उपभोक्ताओं की शिकायतों की जांच करने के निर्देश दिए गए थे।
कलेक्टर के निर्देश पर टीम ने एजेंसी के दोनों परिसरों में औचक जांच करते हुए स्टॉक का मौके पर भौतिक सत्यापन किया।
ऑनलाइन रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर
जांच के दौरान घरेलू और व्यावसायिक श्रेणी के गैस सिलेंडरों के ऑनलाइन स्टॉक का मौके पर मौजूद सिलेंडरों से मिलान किया गया। ऑनलाइन रिकॉर्ड में कुल 864 भरे सिलेंडर दर्ज थे, लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान केवल 452 भरे सिलेंडर उपलब्ध मिले।
इस प्रकार रिकॉर्ड की तुलना में 412 भरे सिलेंडर कम पाए गए। वहीं ऑनलाइन रिकॉर्ड में 473 खाली सिलेंडर दर्ज थे, जबकि मौके पर 487 खाली सिलेंडर मिले, यानी रिकॉर्ड से 14 खाली सिलेंडर अधिक पाए गए।
939 सिलेंडर किए गए जब्त
स्टॉक में गंभीर विसंगति मिलने के बाद जांच टीम ने मौके पर उपलब्ध सभी 452 भरे और 487 खाली, कुल 939 गैस सिलेंडरों को जब्त कर लिया। टीम ने एजेंसी से संबंधित दस्तावेजों और स्टॉक का भी परीक्षण किया।
उपभोक्ताओं से पूछताछ, दर्ज किए बयान
जांच के दौरान मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से एजेंसी की सेवाओं के संबंध में जानकारी ली गई और उनके बयान दर्ज किए गए। टीम को एजेंसी के खिलाफ बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने तथा ऑनलाइन डिलीवरी प्रदर्शित होने के बावजूद वास्तविक रूप से सिलेंडर प्राप्त नहीं होने जैसी शिकायतों की जानकारी मिली।
जांच में कॉल सेंटर और सीएम हेल्पलाइन 1076 में एजेंसी के खिलाफ शिकायतें दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
सात दिन में कलेक्टर को सौंपेंगे रिपोर्ट
जांच दल में तहसीलदार प्रकाश साहू, सहायक खाद्य अधिकारी अजय मौर्य, खाद्य निरीक्षक विनीता दास, वर्षा सिंह, मंगेश कांत, ललिता शर्मा, आशीष दीवान, वसुधा राजपूत और आईओसीएल के सेल्स ऑफिसर पंकज छेतिजा शामिल रहे।
जांच टीम एजेंसी से संबंधित अभिलेखों, स्टॉक और प्राप्त शिकायतों की विस्तृत जांच कर सात दिवस के भीतर कलेक्टर को प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




