Crime Kharsia : 24 घंटे में चोरी का खुलासा, ढाबा और गैरेज से चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

रायगढ़, 28 जुलाई। रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में मितान ढाबा और समीप स्थित गैरेज में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल, दो प्रेसर जैक और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को मितान ढाबा संचालक भागीरथी साहू ने थाना छाल में शिकायत दर्ज कराई कि रात के समय ढाबे से उनका वीवो वाई-12 मोबाइल चोरी हो गया। वहीं पास के गैरेज संचालक अशरफ अली ने भी दो प्रेसर जैक चोरी होने की सूचना दी। शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम सफलता

जांच के दौरान पुलिस ने ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक देर रात बिल काउंटर से मोबाइल और बाद में गैरेज से प्रेसर जैक मोटरसाइकिल में ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम कुडेकेला निवासी महेश दास महंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

जंगल से बरामद हुआ चोरी का सामान

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बोकरामुड़ा और रिलो के बीच जंगल में छिपाकर रखा चोरी का मोबाइल, दो प्रेसर जैक और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (CG 13 BC 0658) बरामद की। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग ₹17 हजार बताई गई है।

एसएसपी ने की पुलिस टीम की सराहना

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और सक्रिय मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा किया। उन्होंने नागरिकों से प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, कीमती सामान सुरक्षित रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

मुख्य बिंदु

  • 24 घंटे में चोरी का खुलासा।
  • एक आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
  • चोरी का मोबाइल, दो प्रेसर जैक और बाइक बरामद।
  • सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना बनी जांच की सफलता का आधार।
Advertisement
Share This Article