सरस्वती साइकिल वितरण : चांदमारी स्कूल की छात्राओं को मिली नि:शुल्क साइकिल, शिक्षा से जुड़ने का मिला नया संबल

Advertisement

बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने सरस्वती साइकिल योजना के तहत हुआ वितरण, अतिथियों ने छात्राओं का बढ़ाया उत्साह

रायगढ़। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी में मंगलवार को राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत कक्षा 9वीं की नवप्रवेशी पात्र छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना तथा बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना रहा।

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ वितरण
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती शोभा शर्मा, वार्ड पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्री अमित शर्मा, पूर्व पार्षद श्री श्रवण सिदार, अधिवक्ता एवं छत्तीसगढ़ हज कमेटी सदस्य श्री गुलाम रहमान, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष श्रीमती मेहरूनिशा सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति में छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के जयघोष के साथ हुआ।

छात्राओं को शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किया प्रेरित
अतिथियों ने छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने और भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। साइकिल मिलने पर छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।

योजना से बढ़ेगी छात्राओं की शिक्षा तक पहुंच
राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित डॉ. मनीषा त्रिपाठी, प्रधान पाठक शासकीय रविशंकर प्राथमिक शाला रायगढ़ ने कहा कि राज्य शासन की यह योजना छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने, विद्यालय में उपस्थिति बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

रोजगारोन्मुखी शिक्षा पर दिया जोर
वार्ड पार्षद अमित शर्मा ने छात्राओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और उनके भविष्य निर्माण में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

वृक्षारोपण के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण भी किया गया। अंत में विद्यालय के प्राचार्य भरत लाल नामदेव ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share This Article