रायपुर/राजनांदगांव। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीत लिया। उन्होंने कुल 199 किलोग्राम वजqljqqqन उठाकर भारत को प्रतियोगिता का पांचवां और वेटलिqफ्टिंग में चौथा पदक दिलाया।
स्नैच में बनाया नया रिकॉर्ड
23 वर्षीय ज्ञानेश्वरी यादव ने प्रतियोगिता की शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने स्नैच में 88 किलोग्राम वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में 103, 107 और अंतिम प्रयास में 111 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया।
199 किलोग्राम के साथ जीता रजत पदक
ज्ञानेश्वरी ने कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं नाइजीरिया की खिलाड़ी ओनोमे ओमोलोला डिडीह ने 206 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता और नया कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड भी बनाया।
पहले कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन
सिल्वर मेडल जीतने के बाद ज्ञानेश्वरी यादव ने कहा कि यह उनका पहला कॉमनवेल्थ गेम्स था। उनका लक्ष्य भारत के लिए पदक जीतना था। उन्होंने अपने कोच, परिवार और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में स्वर्ण पदक जीतने के लिए और अधिक मेहनत करेंगी।
प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने दी बधाई
ज्ञानेश्वरी यादव की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, केंद्रीय खेल मंत्री सहित कई नेताओं ने बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी का प्रदर्शन देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और उन्होंने भारत का गौरव बढ़ाया है।




