नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में पिछले सप्ताह हंगामे के कारण बाधित हुई लोकसभा की कार्यवाही सोमवार से फिर शुरू होगी। आज सदन में एंटी-पेपर लीक बिल पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई वरिष्ठ सांसद अपनी बात रख सकते हैं।
NDA सांसदों की बैठक में बनेगी रणनीति
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले सुबह 9:30 बजे संसद पुस्तकालय भवन में एनडीए सांसदों की बैठक आयोजित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठक की अध्यक्षता करेंगे और मानसून सत्र की रणनीति पर सांसदों को संबोधित करेंगे।
93 संशोधनों पर होगी चर्चा
सूत्रों के अनुसार, विपक्ष ने एंटी-पेपर लीक बिल में 93 संशोधन प्रस्तावित किए हैं। विधेयक पर लगभग 6 घंटे चर्चा होने की संभावना है, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष अपने-अपने सुझाव और तर्क सदन के सामने रखेंगे।
बिल में सख्त प्रावधान
प्रस्तावित विधेयक में पेपर लीक के मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का प्रावधान किया गया है। साथ ही जांच दो माह के भीतर पूरी करने का प्रस्ताव है।
बिल के प्रमुख प्रावधानों में शामिल हैं:
- पेपर लीक के दोषियों पर 50 लाख रुपये तक जुर्माना।
- संगठित तरीके से पेपर लीक करने वालों के लिए 7 से 10 वर्ष तक की सजा।
- ऐसे मामलों में 10 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान।
परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने पर जोर
केंद्र सरकार का कहना है कि इस विधेयक का उद्देश्य सार्वजनिक परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाना, नकल और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना तथा छात्रों का विश्वास मजबूत करना है।




