रायगढ़, 27 जुलाई 2026। बरसात के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रायगढ़ यातायात पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर एक अभिनव जनहितकारी अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में ट्रैफिक पुलिस ने हाईवे और सड़कों पर घूम रहे आवारा एवं घुमंतू मवेशियों के गले में रेडियम रिफ्लेक्टिव बैंड लगाए, ताकि रात के समय वाहन चालकों को वे दूर से दिखाई दें और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
बरसात में हादसों की रोकथाम पर विशेष जोर
ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह एवं यातायात थाना प्रभारी रोहित बंजारे के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत रायगढ़-खरसिया राष्ट्रीय राजमार्ग-49 तथा कोतरारोड क्षेत्र में मवेशियों के गले में रेडियम पट्टे लगाए गए। पुलिस मित्रों को भी रेडियम कॉलर बेल्ट वितरित किए गए, ताकि वे अपने क्षेत्रों में इस अभियान को आगे बढ़ा सकें।
पशुपालकों और ग्रामीणों से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने हाईवे किनारे बसे गांवों के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और पशुपालकों से मवेशियों को खुला सड़क पर नहीं छोड़ने, उनके लिए घर या गौठान में चारा-पानी की व्यवस्था करने तथा सभी मवेशियों के गले में रेडियम पट्टे लगाने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा तभी प्रभावी होगी जब आम नागरिक भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
वाहन चालकों को भी दी गई सावधानी बरतने की सलाह
पुलिस ने वाहन चालकों से बरसात और रात्रि के समय निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सतर्कता के साथ वाहन चलाने तथा हाईवे पर मवेशी दिखाई देने पर संयम बरतने की अपील की है।
एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पशुपालकों से मवेशियों को सड़क पर खुला न छोड़ने और उनके गले में रेडियम बैंड लगाने का आग्रह किया, ताकि मानव जीवन के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की भी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




