बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने निजी एवं सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
जनदर्शन में ग्राम पंचायत समडील के सरपंच ने मुख्य बस्ती से गुजरने वाली नहर की वर्षों से सफाई नहीं होने की शिकायत करते हुए शीघ्र सफाई कराने की मांग की। वहीं बिल्हा विकासखंड के ग्राम पंचायत परसदा के सरपंच ने मुक्तिधाम एवं स्कूल परिसर में वृक्षारोपण के लिए लगभग एक हजार फलदार एवं छायादार पौधे उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
सीपत निवासी जितेश कुमार पाटनवार ने स्कूल से निकल रहे दूषित पानी के कारण घर के सामने लगातार जलभराव होने और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप की शिकायत की। उन्होंने स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की। इसी तरह बोदरी निवासी किसान बनवारी लाल वर्मा ने कृषि भूमि में पानी निकासी नहीं होने से फसल खराब होने की समस्या बताते हुए स्थायी समाधान की मांग की।
अशोक नगर अटल आवास के निवासियों ने आवासों की छत से लगातार पानी टपकने की शिकायत करते हुए गुणवत्ता जांच और मरम्मत कराने की मांग रखी। सरकण्डा निवासी संजय जाटवर ने ट्राई साइकिल की बैटरी उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया।
मस्तुरी की मां भगवती महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने टिफिन सेवा संचालन के लिए एलपीजी गैस का नया कनेक्शन और दो गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं कोटा विकासखंड के ग्राम लालपुर निवासी पूनम यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की अंतिम किस्त लंबित होने से आवास निर्माण अधूरा रहने की जानकारी दी।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय, जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)




