गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। नगर पालिका परिषद गौरेला की उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा ने विकासखंड गौरेला की जर्जर सड़कों को लेकर कलेक्टर जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत नवीन सड़क स्वीकृति की मांग की है।
पत्र के माध्यम से उन्होंने माननीय कलेक्टर महोदया को अवगत कराया है कि सविनय निवेदन है कि विकास खण्ड गौरेला अंतर्गत कई मुख्य मार्ग अत्यंत जर्जर स्थिति में हैं, जिसमें रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, ग्रामीणजन एवं आम नागरिक आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने के कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
उन्होंने तीन मार्गों के निर्माण का प्रस्ताव दिया है। पहला ग्राम पंचायत सारबहरा में रेल्वे फाटक से डी.ए.व्ही. मुख्यमंत्री स्कूल सारबहरा पहुँच मार्ग निर्माण कार्य, दूसरा ग्राम पंचायत गोरखपुर से कन्हारी, कोरजा, पण्डरीपानी मुख्य मार्ग 10 कि.मी. निर्माण कार्य और तीसरा ग्राम पंचायत सारबहरा से देवरगांव पकरिया होते हुए दुर्गाधारा पहुँच मार्ग निर्माण कार्य।
पत्र में उन्होंने अनुरोध किया है कि कृपया उपरोक्त सड़कों की जर्जर स्थिति को देखते हुए जनहित में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत नवीन सड़क स्वीकृत करने की कृपा करें। पत्र की प्रतिलिपि कार्यपालन अभियंता प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।




