जशपुर। जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्थलगांव थाना क्षेत्र में एक टाटा नेक्सन कार से 21 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस को चकमा देकर आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये तथा वाहन की कीमत 6 लाख रुपये आंकी गई है। कुल 16 लाख रुपये की जब्ती की गई है।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की टाटा नेक्सन (UP-54-AF-7976) में भारी मात्रा में गांजा रैरुमा-लैलूंगा की ओर से पत्थलगांव होते हुए अंबिकापुर ले जाया जा रहा है। सूचना पर इंदिरा चौक के पास नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर तेज गति से भाग निकला, जिसके बाद पुलिस ने पीछा किया।
कदम घाट के पास तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। चालक और अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कार की तलाशी ली, जिसमें डिक्की में रखे तीन बैगों से पीले रंग की प्लास्टिक टेप में लिपटे 11 पैकेट गांजा बरामद हुए। कुल वजन 21.5 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने गांजे के साथ टाटा नेक्सन कार और वाहन में मिले कुछ दस्तावेज भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, एएसआई लखेश साहू, प्रधान आरक्षक चंद्र विजय साय तथा आरक्षक आलोक मिंज, अजय कुजूर और राजेंद्र रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।




