Bilaspur Crime News : कांग्रेसी नेता पर जानलेवा हमले की सुपारी देने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, ACCU और तारबाहर पुलिस की कार्रवाई

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

बिलासपुर। कांग्रेसी नेता के पिता पर जानलेवा हमले की साजिश में सुपारी देने के आरोप में तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हमलावरों को हमला कराने के लिए रकम उपलब्ध कराई थी। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ था हमला

पुलिस के मुताबिक घटना 4 जुलाई की सुबह करीब 6:45 बजे की है। शिशिर कश्यप के पिता श्याम कश्यप रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे तीन युवकों ने कथित तौर पर डंडे और नुकीले हथियार से उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद प्रार्थी की शिकायत पर तारबाहर थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से जांच आगे बढ़ी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और संदिग्धों की पहचान की।

इस मामले में पुलिस पहले ही नितिन टेकाम, साहिल सोनकर और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज चुकी थी।

मुख्य साजिशकर्ता तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस को मुख्य सूत्रधार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने नवीन पटेल (38 वर्ष) को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। वह मेन रोड तेलीपारा, अजीत होटल के पास, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र का निवासी बताया गया है।

पूछताछ में रकम देने की बात सामने आई

पुलिस के अनुसार पूछताछ में नवीन पटेल ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने श्याम कश्यप की हत्या कराने के उद्देश्य से दीपक तिवारी को रकम उपलब्ध कराई थी। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।

Advertisement
Share This Article