रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, छत्तीसगढ़
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के मंच से जनसंपर्क विभाग बिलासपुर की सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्रीमती रचना मिश्रा को जनसंपर्क के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विभागीय दायित्वों का प्रभावी निर्वहन
श्रीमती रचना मिश्रा ने जनसंपर्क की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करते हुए अपने विभागीय दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया है। बिलासपुर जिले में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री सहित राज्यपाल और मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान समाचारों के त्वरित प्रेषण तथा मीडिया समन्वय में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मीडिया समन्वय में उल्लेखनीय योगदान
उन्होंने स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल एवं समन्वय स्थापित करते हुए समाचारों के प्रभावी प्रसारण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर आधारित समाचार, सफलता की कहानियों और आलेखों के निर्माण में भी उनका कार्य उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के जमीनी प्रभाव और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में सक्रिय भूमिका निभाई है।
सोशल मीडिया के माध्यम से समाचार संप्रेषण को बनाया प्रभावी
जनसंपर्क की बदलती कार्यशैली के अनुरूप सोशल मीडिया को समाचार संप्रेषण का प्रभावी माध्यम बनाने में भी श्रीमती रचना मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी देखरेख एवं मार्गदर्शन में जनसंपर्क विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के फॉलोअर्स की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी बधाई
रचना मिश्रा को सम्मान मिलने पर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल, संयुक्त संचालक जनसंपर्क श्री मुनुदाऊ पटेल सहित जिला कार्यालय एवं जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों ने खुशी व्यक्त की। सभी ने उन्हें सम्मान के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


