रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर छत्तीसगढ़
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और परेड कमांडर श्री भूपेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में 13 प्लाटूनों ने अनुशासन, शौर्य और देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य परेड का प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
तिरंगा शपथ के साथ नशामुक्त समाज का संकल्प
समारोह के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने उपस्थित लोगों को तिरंगा शपथ दिलाई। वहीं ब्रह्मकुमारी दीदी ने उपस्थित जनसमुदाय को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस दौरान राष्ट्रप्रेम, देश के प्रति कर्तव्यबोध और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।
शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान
कार्यक्रम में नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने सम्मानित किया। शहीद जवानों के परिजनों के सम्मान के दौरान समारोह स्थल भावुक और गौरवपूर्ण माहौल से भर उठा। उपस्थित लोगों ने वीर जवानों के बलिदान को नमन किया।
50 अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित
शासकीय कार्यों और अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले विभिन्न विभागों के 50 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई।
महिला प्लाटूनों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
परेड प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल महिला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नगर सेना महिला ने द्वितीय स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में एनसीसी जूनियर डिवीजन बिलासपुर ने प्रथम, एनसीसी सीनियर गर्ल्स ने द्वितीय और एनसीसी सीनियर बॉयज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला ने प्रथम, एलसीआईटी बोदरी ने द्वितीय और दिल्ली पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नेशनल कॉन्वेंट स्कूल और पद्माक्षी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ललिता संतोष कश्यप, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह और सीसीएफ श्री मनोज पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, श्री दीपक सिंह, श्रीमती हर्षिता पांडे सहित अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री सौरभ सक्सेना एवं श्री मुकुल शर्मा ने किया। वहीं सुश्री कनक साहू ने वंदे मातरम् का मनमोहक गायन प्रस्तुत कर समारोह में देशभक्ति का रंग भर दिया।


