कोरबा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, विधायक अमर अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण

Advertisement

रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

कोरबा। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस जिला मुख्यालय कोरबा में हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्य समारोह में वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जनता के नाम संदेश पढ़कर सुनाया।

शहीदों को किया नमन

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने प्रदेश एवं देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमारे संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने विकसित एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी की सहभागिता को आवश्यक बताया।

नक्सल उन्मूलन और बस्तर विकास पर जोर

मुख्यमंत्री के संदेश में छत्तीसगढ़ में वामपंथी उग्रवाद और नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में हासिल उपलब्धियों को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के तहत बस्तर संभाग में 31 योजनाओं एवं 14 सामुदायिक सुविधाओं के शत-प्रतिशत सेचुरेशन पर जोर दिया गया। बंद स्कूलों को दोबारा शुरू करने तथा ओरछा और जगरगुंडा में ‘एजुकेशन सिटी’ विकसित करने की बात भी कही गई।

किसानों और कृषि क्षेत्र के लिए बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री के संदेश में बताया गया कि छत्तीसगढ़ के किसानों को धान के लिए देश में सर्वाधिक 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपये की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है। वहीं सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति का उल्लेख किया गया।

महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए योजनाएं

‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 70 लाख महिलाओं के खातों में अब तक 19,444 करोड़ रुपये की राशि भेजे जाने की जानकारी दी गई। प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनने की उपलब्धि भी बताई गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुल 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं और प्रतिदिन औसतन 1,600 नए घर बनाए जा रहे हैं।

युवाओं के लिए स्टार्टअप और एआई मिशन

युवाओं को रोजगार और नवाचार से जोड़ने के लिए 100 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड बनाए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही 500 करोड़ रुपये के छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 100 एआई डेटा लैब और 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाने की योजना है। चार वर्ष की सेवा पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा का भी उल्लेख किया गया।

खेल और संस्कृति को बढ़ावा

ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी के पद पर पदोन्नत करने और 30 लाख रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की गई। वहीं लोकगायिका स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई की स्मृति में ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ शुरू करने तथा छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ के निर्माण की जानकारी दी गई।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में स्कूली बच्चे, युवा और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Share This Article