अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
साईं प्रसाद और वर्तिका इंडेन से प्राथमिकता के आधार पर होगी होम डिलीवरी, खाद्य विभाग और आईओसीएल की निगरानी जारी
बिलासपुर, 18 सितंबर 2026। बालाजी गैस कंपनी के उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने उपभोक्ताओं को समय पर घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए 3500 से अधिक रिफिल बुकिंग दूसरी गैस एजेंसियों में ट्रांसफर कर दी हैं। इन बुकिंग की डिलीवरी अब संबंधित एजेंसियों के माध्यम से घर तक की जा रही है।
दो एजेंसियों को दी गई जिम्मेदारी
उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए साईं प्रसाद इंडेन और वर्तिका इंडेन को बालाजी गैस के उपभोक्ताओं की रिफिल आपूर्ति में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को निर्धारित समय-सीमा में होम डिलीवरी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
त्योहारों के मौसम में सिलेंडर की पर्याप्त आपूर्ति
आईओसीएल की ओर से बताया गया कि त्योहारों के मौसम को देखते हुए शहर के सभी इंडेन वितरकों को नियमित रूप से रिफिल की आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में बिलासपुर शहर में घरेलू इंडेन गैस सिलेंडरों के स्टॉक में किसी तरह की कमी नहीं है।
कंपनी के अनुसार, उपभोक्ताओं की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त संख्या में सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, ताकि त्योहारों के दौरान गैस की उपलब्धता प्रभावित न हो।
उपभोक्ताओं को पहले की तरह करनी होगी बुकिंग
खाद्य नियंत्रक अमृत कुनूर ने बताया कि बालाजी गैस एजेंसी से जुड़े उपभोक्ता पहले की तरह ही अपने गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के बाद उन्हें साईं प्रसाद इंडेन अथवा वर्तिका इंडेन के माध्यम से घर पर रिफिल सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध हो, इसके लिए खाद्य विभाग और आईओसीएल की टीम लगातार व्यवस्था की निगरानी कर रही है।




