अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
सिरगिट्टी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, धारदार चाकू बरामद कर आरोपी को भेजा जेल
बिलासपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों, नशाखोरों और चाकूबाजों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सिरगिट्टी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों में भय का माहौल पैदा करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तिफरा ओवरब्रिज के नीचे एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवा दिवाकर उर्फ गोलू (30 वर्ष), पिता नैनदास दिवाकर, निवासी भगत सिंह आजाद नगर, तिफरा कुंदरापारा, थाना सिरगिट्टी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया है।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 662/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने, नशाखोरी करने या लोगों में डर का माहौल पैदा करने वाले संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




