अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
हिन्दी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कार्यों में अधिकाधिक प्रयोग को मिलेगा बढ़ावा
बिलासपुर, 11 सितंबर 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में 14 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार, कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग तथा अधिकारियों और कर्मचारियों में हिन्दी के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
हिन्दी कार्यशाला और प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत बिलासपुर स्टेशन में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा मंडल हिन्दी पुस्तकालय में हिन्दी कार्यशाला का आयोजन होगा।
अधिकारियों के लिए प्रश्न मंच प्रतियोगिता तथा कर्मचारियों के लिए हिन्दी निबंध, टिप्पण आलेखन और वाक् प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के सरल, सहज और प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।
राजभाषा नीति और व्यावहारिक प्रयोग पर रहेगा जोर
पखवाड़े के दौरान राजभाषा प्रगति विषयक निरीक्षण, दिनकर जयंती एवं राजभाषा संगोष्ठी, राजभाषा मोटिवेशन तथा टेबल ट्रेनिंग जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों में हिन्दी के व्यावहारिक उपयोग, राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा।
28 सितंबर को होगा समापन समारोह
राजभाषा पखवाड़े का समापन समारोह 28 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
रेलवे मंडल की इस पहल का उद्देश्य कार्यालयीन कामकाज में हिन्दी के प्रयोग को और मजबूत करना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा हिन्दी के प्रति अधिक जागरूक और सक्रिय बनाना है।




