बेलजोर में ‘युवा संकल्प–II’ का शुभारंभ, नशामुक्ति के साथ महिला सशक्तिकरण और रोजगार पर जोर

Advertisement

हिंडाल्को के CSR, जिला प्रशासन व पुलिस के सहयोग से शुरू हुआ अभियान; SSP शशि मोहन सिंह ने ग्रामीणों से नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प लेने का किया आह्वान

रायगढ़, 5 अक्टूबर 2026। ग्राम बेलजोर में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, गारे पेल्मा कोल माइंस IV/4 के CSR के तहत ‘आगाज़–एक नई पहल संस्था’, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सहयोग से ‘युवा संकल्प–II’ परियोजना के दूसरे चरण का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने किया।

चार प्रमुख आयामों पर रहेगा फोकस

‘युवा संकल्प–II’ के दूसरे चरण में नशामुक्ति के साथ महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और आजीविका सृजन को प्रमुखता दी गई है। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर जोर रहेगा।

परियोजना के तहत युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने, महिलाओं के लिए सशक्तिकरण के अवसर विकसित करने तथा स्थायी आजीविका के साधन तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। स्कूल ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को भी ओपन स्कूल के माध्यम से 10वीं और 12वीं की शिक्षा पूरी करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

SSP ने कहा- नशे के खिलाफ समाज को एकजुट होना होगा

कार्यक्रम में SSP श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए परिवार, गांव, स्कूल, युवा और महिला समूहों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि नशे से व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ परिवार और समाज भी प्रभावित होता है। अपराध, घरेलू विवाद, आर्थिक परेशानी और सड़क दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं में भी नशे की भूमिका सामने आती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे नशे को गांव में जगह नहीं देने और युवाओं को इससे दूर रखने का सामूहिक संकल्प लें।

SSP ने महिलाओं की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि महिलाएं परिवार और समाज की मजबूत आधारशिला हैं। उनके सक्रिय प्रयासों से युवाओं को नशे से दूर रखने और प्रभावित परिवारों को सहयोग देने में मदद मिल सकती है।

बच्चों ने प्रस्तुतियों से दिया जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम में ग्राम बेलजोर के बच्चों ने नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता पर आधारित नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुति दी। बच्चों ने नशे के दुष्परिणामों के साथ स्वच्छ और स्वस्थ गांव का संदेश भी दिया। वहीं ग्राम कोडकेल के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया।

फेस-1 में सक्रिय महिलाओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान ‘युवा संकल्प फेस–1’ के अंतर्गत ग्राम कोडकेल में नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। महिलाओं ने जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के जरिए नशे के खिलाफ वातावरण बनाने में योगदान दिया।

बेलजोर को नशामुक्त बनाने का संकल्प

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने ग्राम बेलजोर को 100 प्रतिशत नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने भी ‘युवा संकल्प–II’ को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहयोग का आश्वासन दिया।

हिंडाल्को की CSR हेड श्रीमती रंजना नाग ने बताया कि ‘युवा संकल्प–II’ का उद्देश्य नशामुक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, कौशल, रोजगार और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से युवाओं, महिलाओं और पूरे समुदाय को सशक्त बनाना है।

Share This Article