छैडोरिया के तालाब में मिला नवजात हाथी का शव, डूबने की आशंका

हाथियों के झुंड की लगातार मौजूदगी के बीच हुई घटना, वन विभाग ने शव निकलवाकर शुरू की जांच; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

रायगढ़। तमनार वन परिक्षेत्र के छैडोरिया गांव के पास बुधवार सुबह तालाब में नवजात हाथी का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तालाब में हाथी का शव देखा तो तत्काल वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में तालाब में डूबने से हाथी की मौत होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हाथियों का बड़ा दल कर रहा है क्षेत्र में विचरण

ग्रामीणों के अनुसार, छैडोरिया गांव और आसपास के जंगलों में पिछले कुछ समय से हाथियों का बड़ा दल विचरण कर रहा है। संभावना जताई जा रही है कि मंगलवार रात हाथियों का दल पानी पीने के लिए तालाब के पास पहुंचा होगा। इसी दौरान नवजात हाथी के साथ हादसा हुआ होगा।

बुधवार सुबह तालाब में शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

सामारूमा-अमलीडीह मार्ग के आसपास भी सक्रिय था दल

बताया जा रहा है कि हाथियों का यह दल पिछले कुछ दिनों से सामारूमा-अमलीडीह मार्ग के आसपास भी विचरण कर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, हाथी दिन के समय जंगल में रहते हैं और शाम होते ही सड़क तथा आसपास के इलाकों में दिखाई देने लगते हैं। इससे क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी लगातार बनी हुई है।

करीब 51 हाथियों के दल का हिस्सा था नवजात

रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा एसडीओ आशुतोष मंडावा ने बताया कि छैडोरिया गांव के पास तालाब में नवजात हाथी की मौत हुई है। प्रारंभिक तौर पर डूबने की आशंका सामने आई है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

अधिकारी के मुताबिक, इस क्षेत्र में लंबे समय से करीब 51 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। इनमें से एक हाथी दूसरे स्थान की ओर चला गया है। तालाब में मृत मिला नवजात हाथी इसी दल का हिस्सा बताया जा रहा है और उसका जन्म हाल ही में हुआ था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

फिलहाल वन विभाग की जांच जारी है। नवजात हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है।

Share This Article