Korba News: पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ का ELC प्रशिक्षण संपन्न, मतदाता जागरूकता बढ़ाने पर जोर

पाली और पोड़ीउपरोड़ा ब्लॉक के बीएलओ को मतदान प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने का प्रशिक्षण

कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 23 पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) का इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में 30 सितंबर 2026 को पाली और पोड़ीउपरोड़ा ब्लॉक में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ।

पाली और पोड़ीउपरोड़ा में आयोजित हुआ प्रशिक्षण

पाली ब्लॉक के बीएलओ का प्रशिक्षण जनपद पंचायत पाली के सभाकक्ष में आयोजित किया गया, जबकि पोड़ीउपरोड़ा ब्लॉक के बीएलओ को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय पोड़ीउपरोड़ा में प्रशिक्षण दिया गया।

पोड़ीउपरोड़ा में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 23 पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र श्री मनोज कुमार बंजारे तथा सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी श्री सतीश प्रकाश सिंह उपस्थित रहे।

मतदान केंद्रों पर ELC क्लब गठित करने के निर्देश

प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम मनोज कुमार बंजारे ने बीएलओ को संबोधित करते हुए मतदान केंद्रों पर स्वीप कार्ययोजना के तहत व्यवस्थित मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र पर इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) गठित कर बीएलओ को इसके नोडल अधिकारी के रूप में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने कहा।

युवा और महिला मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर

सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को भावी और नए मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मतदान केंद्र क्षेत्र में 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों, 18 से 25 वर्ष के नए युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं सहित सभी पात्र मतदाताओं के बीच मतदान एवं निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी देने पर जोर

प्रशिक्षण में बीएलओ को भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बूथ स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान संचालित करने की जानकारी दी गई।

इस दौरान भारत के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, चुनावी प्रक्रियाओं, मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया और उपलब्ध मतदाता सेवाओं के संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए ELC के माध्यम से विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

ये अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार श्री भूषण मंडावी, नायब तहसीलदार श्रीमती राशिका अग्रवाल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी पाली श्री कुमदेश गोभिल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी पोड़ीउपरोड़ा श्री के. राजेश्वर दयाल, विधानसभा ELC प्रभारी डॉ. टी.आर. कश्यप, पाली कॉलेज स्वीप नोडल अधिकारी रीता पटेल सहित मास्टर ट्रेनर्स फरेम कुमार डहरिया, रामचरण साहू, कामता प्रसाद जायसवाल, दिनेश कुमार यादव, महावीर प्रसाद चन्द्रा एवं भूपेंद्र सिंह कंवर उपस्थित रहे।

इसके अलावा अनुविभागीय निर्वाचन कार्यालय पोड़ीउपरोड़ा के कर्मचारी श्री मनोहर सोरथे तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पाली की कर्मचारी अश्विनी किरण सहित 23 पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के पाली एवं पोड़ीउपरोड़ा ब्लॉक के बूथ लेवल अधिकारी प्रशिक्षण में शामिल हुए।

Share This Article