रेलवे के मंच पर सजा लोक संस्कृति का रंग, ‘रंग-मंच 2026’ में 156 कलाकारों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

एनईआई सभागार में शास्त्रीय गायन से लेकर लोकनृत्य, नाटक और रंगोली तक दिखी प्रतिभा; विभिन्न विधाओं के विजेताओं का हुआ सम्मान

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा आयोजित अंतर-मंडलीय सांस्कृतिक स्पर्धा ‘रंग-मंच 2026’ में रेलवे कर्मचारियों और उनके आश्रितों ने कला और संस्कृति के विविध रंग प्रस्तुत किए। एनईआई सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 156 प्रतिभागियों ने गायन, नृत्य, वादन, अभिनय, चित्रकला और रंगोली सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अंशुमान मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद शास्त्रीय गायन, सुगम गीत, लोकनृत्य, वाद्य वादन, मोनो एक्ट और नाटक सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।

सभागार में मौजूद रेलकर्मियों और उनके परिजनों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। प्रस्तुतियों के दौरान तालियों की गूंज से पूरा सभागार उत्साह से भर गया।

विभिन्न विधाओं में इन कलाकारों ने हासिल किए स्थान

एकल शास्त्रीय गायन: सानाया वर्मा प्रथम, अनुग्या परमार द्वितीय और संजय पंथी तृतीय रहे।

एकल सुगम गीत: अयांश वर्मा ने पहला, अमन कुमार साहू ने दूसरा और विष्णु प्रसाद गुप्ता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

समूह गीत: राधिका कृति एवं साथी प्रथम, अनुग्या परमार व टीम द्वितीय तथा सुप्रिया राय व टीम तृतीय स्थान पर रही।

एकल नृत्य: अंकिता निषाद ने प्रथम, अकुंडी अंकिता सावनी ने द्वितीय और निधि कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया।

समूह नृत्य: निधि कुमारी एवं समूह प्रथम, अनुग्या परमार एवं समूह द्वितीय तथा तनुश्री राठौर एवं समूह तृतीय रहे।

वाद्य वादन: राकेश कुमार ने प्रथम, एम. अवंतिका ने द्वितीय और नितिन खरे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मोनो एक्ट: अनिवेत राज प्रथम, कुनाल शेन्डे द्वितीय और शुभि कुशवाहा तृतीय रहे।

नाटक: अमन एवं समूह ने पहला, अविनाश यादव एवं टीम ने दूसरा और अंशुमान एवं टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।

चित्रकला: लक्ष्मी क्षत्री प्रथम, संचित सिंह द्वितीय और अर्चना पाबाल तृतीय रहीं।

रंगोली: रिमझिम ध्रुव ने प्रथम, रागिनी कुमारी ने द्वितीय और चंचल साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विजेताओं को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मंडल कार्मिक अधिकारी यू.एस.एस. राव और सहायक कार्मिक अधिकारी भास्कर गुहा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शील्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

सांस्कृतिक गतिविधियों से बढ़ता है आपसी जुड़ाव

अतिथियों ने कहा कि रेलवे के नियमित कार्य और व्यस्त परिचालन के बीच इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन कर्मचारियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। ऐसे कार्यक्रम मानसिक प्रसन्नता के साथ भारतीय कला और लोक संस्कृति से जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन धीरज सोनी ने किया। देर शाम तक चले आयोजन में बड़ी संख्या में रेलकर्मी और उनके परिवारजन मौजूद रहे और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

Advertisement
Share This Article