अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
सांसदों ने ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं और समयबद्धता से जुड़े मुद्दे उठाए, रेल महाप्रबंधक ने सुझावों पर प्राथमिकता से काम का दिया भरोसा
नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले संसदीय क्षेत्रों के सांसदों और रेल अधिकारियों की बैठक 19 सितंबर 2026 को नागपुर के रामदासपेठ स्थित तुली इंपीरियल में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने की। बैठक में यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेल अधोसंरचना और विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
महाप्रबंधक ने सांसदों का किया स्वागत
बैठक में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता सहित रेलवे मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
महाप्रबंधक ने उपस्थित सांसदों का स्वागत करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों से मिलने वाले सुझावों और मार्गदर्शन से रेलवे की सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों का दिया गया प्रेजेंटेशन
बैठक की शुरुआत में उप-महाप्रबंधक (सामान्य) की ओर से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं और विकास परियोजनाओं को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया गया।
प्रेजेंटेशन में नागपुर मंडल में चल रहे यात्री सुविधा कार्यों, रेलवे के बुनियादी ढांचे के विस्तार, ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने, दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाओं और अमृत भारत स्टेशन योजना की प्रगति की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’, महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता से जुड़े ‘मेरी सहेली’ अभियान, रेल मदद हेल्पलाइन 139, यात्री सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों की भी जानकारी सांसदों के सामने रखी गई।
सांसदों ने रखीं स्थानीय जरूरतें
बैठक के दौरान सांसदों ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दे रेलवे अधिकारियों के सामने रखे। विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं और ट्रेनों की समयबद्धता को लेकर सुझाव दिए गए।
सांसदों ने स्थानीय यात्रियों की जरूरतों और क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप रेलवे सुविधाओं को और बेहतर करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
रेल विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक में अलग-अलग स्टेशनों के विकास, यात्री सुविधाओं और रेलवे से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों में रेल सुविधाओं के विस्तार से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव और सुझाव रेल प्रशासन के समक्ष रखे।
सुझावों पर प्राथमिकता से कार्रवाई का आश्वासन
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सांसदों द्वारा उठाए गए मुद्दों और दिए गए सुझावों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सामने आए क्षेत्रीय मुद्दों को रेलवे प्रशासन के स्तर पर नियमानुसार प्राथमिकता के साथ पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक के समापन पर उप-महाप्रबंधक (सामान्य) समीर कान्त माथुर ने सभी सांसदों और सांसद प्रतिनिधियों का बैठक में शामिल होने तथा सुझाव देने के लिए आभार व्यक्त किया।
ये सांसद और प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय के अलावा छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू, रामटेक सांसद श्याम कुमार दौलत बर्वे, भंडारा सांसद डॉ. प्रशान्त यादवरावजी पडोले, गढ़चिरोली-चिमूर सांसद नामदेव किरसान, बालाघाट सांसद भारती पारधी, जबलपुर सांसद सुमित्रा बाल्मिक, नागपुर सांसद माया चिंतामन इवनाते और गोंदिया सांसद राजेन्द्र जैन उपस्थित रहे।
इसके अलावा मंडला सांसद डॉ. फग्गन सिंह कुलस्ते के प्रतिनिधि रोचिराम गुरवानी, चंद्रपुर सांसद प्रतिभा सुरेश धानोरकर के प्रतिनिधि बी.आर. शेगांवकर तथा सांसद प्रफुल मनोहरभाई पटेल के प्रतिनिधि एवं तुमसर विधायक राजू मानिकराव कारमोरे भी बैठक में शामिल हुए।




