पार्किंग और शराब के पैसे नहीं देने पर थार और बाइक में लगाई आग, आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

बिलासपुर के दयालबंद में वारदात, मुख्य आरोपी जेल भेजा गया; 17 वर्षीय नाबालिग साथी बाल न्यायालय में पेश

बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दयालबंद इलाके में पार्किंग के नाम पर पैसे मांगने और शराब के लिए रुपये नहीं देने को लेकर वाहन में आग लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एक महिंद्रा थार और एक पैशन मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, उसके 17 वर्षीय नाबालिग साथी को अभिरक्षा में लेकर बाल न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

पार्किंग के नाम पर पैसे मांगने का आरोप

किलावार्ड जूना बिलासपुर निवासी मुकेश कुमार देवांगन (45 वर्ष) ने अपनी महिंद्रा थार क्रमांक CG 10 BP 7770 को दयालबंद स्थित अपने मित्र के कार्यालय के बाहर खड़ा किया था। शिकायत के अनुसार, रात करीब 8 बजे प्रियांशु पानीकर वहां पहुंचा और पार्किंग के नाम पर पैसे की मांग की।

पुलिस के अनुसार, पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए वाहन में आग लगाने की बात कही।

रात में थार और बाइक में लगाई आग

पुलिस के मुताबिक, धमकी देने के बाद आरोपी प्रियांशु पानीकर ने अपने 17 वर्षीय नाबालिग साथी के साथ मिलकर वाहनों में तोड़फोड़ की और उन्हें आग के हवाले कर दिया। घटना में थार के अलावा पास खड़ी पैशन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 MB 7981 भी आग की चपेट में आ गई।

सुबह वाहनों के जलने की जानकारी मिलने के बाद प्रार्थी ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर नामजद शिकायत दर्ज कराई।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 526/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 296, 119(1), 351(3), 326(च), 324(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की।

पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रियांशु पानीकर (21 वर्ष), पिता अजय उर्फ नान पानीकर, निवासी दयालबंद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं, 17 वर्षीय अपचारी बालक को विधिवत अभिरक्षा में लेकर बाल न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

नशाखोरी और जबरन वसूली पर कार्रवाई का दावा

कोतवाली पुलिस ने कहा कि शहर में नशाखोरी, जबरन वसूली और आपराधिक गतिविधियों में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Share This Article