अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सेवा संकल्प अभियान के तहत भव्य आयोजन
बिलासपुर, 18 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत बिलासपुर जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। इस दौरान पुलिस परेड ग्राउंड में एक साथ 1 लाख 25 हजार दीप प्रज्वलित किए गए।
शाम करीब 7 बजे जिलेभर में एक साथ लगभग 10 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। शहर से लेकर गांवों तक दीपों की रोशनी से बिलासपुर जगमगा उठा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
25 वर्षों की जनसेवा को बताया प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की विशेषता
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनसेवा के प्रति समर्पण की यात्रा है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत बिलासपुर में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम सामूहिक सहभागिता और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है।
उप मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने में समाज की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने किया दीप प्रज्वलन
कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम महापौर पूजा विधानी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी, संभागायुक्त सुनील जैन, सीसीएफ मनोज पांडे, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश वाजपेयी, दीपक सिंह, हर्षिता पाण्डेय, किशोर राय, वाणी राव, अभिषेक कुमार पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
बेलतरा विधायक और महापौर ने भी रखे विचार
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने आवास, स्वास्थ्य सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने का उल्लेख किया।
नगर निगम महापौर पूजा विधानी ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम सेवा और जनभागीदारी की भावना को अभिव्यक्त करने वाला आयोजन है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वच्छता कर्मियों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया। उन्होंने शहर एवं जिले को स्वच्छ रखने में स्वच्छता कर्मियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। सम्मानित स्वच्छता कर्मियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। इस दौरान सेवा, जनभागीदारी और स्वच्छता के महत्व का संदेश दिया गया।
रतनपुर, बेलपान, ताला और मल्हार में भी जले दीप
जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान में 1100, ताला में 1100 तथा मल्हार में 11 हजार दीप जलाए गए।
जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए गए। इसके अलावा प्रत्येक गांव में 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए।
शासकीय भवनों और हितग्राहियों के घरों में भी दीप प्रज्वलन
शाम करीब 7 बजे जिले के सभी शासकीय भवनों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं ग्राम पंचायतों में दीप प्रज्वलित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाए गए।
महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन में सहयोग किया। जल जनसेवा संकल्प के तहत जिले के बांध, बैराज, एनीकट एवं नहर शीर्षों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए।
जिलेभर में एक साथ प्रज्वलित लगभग 10 लाख दीपों से बिलासपुर रोशनी से जगमगा उठा। आयोजन के माध्यम से सेवा, संकल्प, सुशासन और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।




