हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की गीता और मधु का शानदार प्रदर्शन, भारत की जीत में निभाई अहम भूमिका

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

बहतराई आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण ले रहीं दोनों खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में दागे चार-चार गोल

बिलासपुर, 17 सितंबर 2026। चीन के मोकी शहर में आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की दो युवा खिलाड़ियों गीता यादव और मधु सिदार ने भारतीय टीम की ओर से प्रभावशाली प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चार-चार गोल किए।

दोनों खिलाड़ी बिलासपुर स्थित राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई की आवासीय हॉकी अकादमी में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन से बिलासपुर की हॉकी अकादमी और छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित हुआ है।

दक्षिण कोरिया के खिलाफ मधु ने किया गोल

भारतीय टीम के मुकाबलों में दोनों खिलाड़ियों ने लगातार अपना योगदान दिया। दक्षिण कोरिया के खिलाफ मुकाबले में मधु सिदार ने एक गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

इसके बाद मलेशिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने 11-1 से जीत दर्ज की। इस मैच में गीता यादव ने दो गोल कर टीम के आक्रमण को मजबूती दी।

पाकिस्तान के खिलाफ भी दोनों ने दागे दो-दो गोल

भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले में भी गीता यादव और मधु सिदार का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में 19-0 से जीत दर्ज की।

इस मैच में छत्तीसगढ़ की दोनों खिलाड़ियों ने दो-दो गोल किए और भारतीय टीम के आक्रमण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रतियोगिता के दौरान दोनों खिलाड़ियों के खाते में कुल चार-चार गोल दर्ज हुए।

खेल विभाग की संचालक ने की खिलाड़ियों से मुलाकात

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके प्रदर्शन पर बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने कहा कि गीता यादव और मधु सिदार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखने के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।

इस अवसर पर बिलासपुर आवासीय हॉकी अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर बिलासपुर के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बरार तथा बिलासपुर के खेल अधिकारी सुशील मौजूद रहे।

Advertisement
Share This Article