सेवा संकल्प अभियान को लेकर निगम की तैयारी तेज

Advertisement
Advertisement

आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक लेकर सौंपी जिम्मेदारियां, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान

रायगढ़। शहर में सेवा, स्वच्छता और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान एवं आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान के शुभारंभ और आगामी एक माह की गतिविधियों की तैयारियों को लेकर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने निगम सभा कक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली।

बैठक में निगम के अधिकारी, इंजीनियर, सफाई दरोगा, सफाई सुपरवाइजर, एमआरएफ सुपरवाइजर और स्वच्छता दीदियां मौजूद रहीं। आयुक्त ने अभियान के तहत होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपीं।

सिंदूर पार्क से होगा अभियान का शुभारंभ

सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम 6 बजे सिंदूर पार्क में किया जाएगा। इसके बाद 17 अक्टूबर तक शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में स्वच्छता, जनभागीदारी, जागरूकता और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को महज एक दिवसीय कार्यक्रम तक सीमित न रखा जाए, बल्कि पूरे एक माह तक इसकी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

मैदानी अमले को सौंपी गई जिम्मेदारी

बैठक में आयुक्त ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए हर अधिकारी और कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। सफाई दरोगा एवं सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करेंगे। लापरवाही सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इंजीनियरों, एमआरएफ सुपरवाइजरों और स्वच्छता दीदियों को भी अपने निर्धारित दायित्वों के अनुरूप सक्रियता से काम करने के लिए कहा गया। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

जनभागीदारी से अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर

आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शहर में सेवा और स्वच्छता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और शहर के प्रति जिम्मेदारी के लिए जागरूक किया जाएगा।

एक माह तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

अभियान के तहत नगर निगम द्वारा अलग-अलग तारीखों में विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

17 सितंबर: सेंट जेवियर स्कूल बोइरदादर एवं पीएम श्री नटवर स्कूल में स्वच्छ पाठशाला एवं युवा फॉर स्वच्छता कार्यक्रम।

18 सितंबर: वार्ड क्रमांक 31, पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड में स्वच्छता लक्षित इकाइयों का समयबद्ध रूपांतरण

21 सितंबर, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 28, एसईसीएल कयाघाट छठघाट में स्वच्छ सार्वजनिक स्थल अभियान।

22 सितंबर, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 29, कुली लाइन छठघाट में स्वच्छ सार्वजनिक स्थल अभियान।

23 सितंबर: स्वच्छता हेतु जनभागीदारी के तहत एसडब्ल्यूएम रूल्स 2026 को लेकर घर-घर जागरूकता अभियान।

24 सितंबर, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 47, विजयपुर तालाब में स्वच्छता श्रमदान
24 सितंबर, शाम 4 बजे: संजय मार्केट में सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त अभियान

25 सितंबर, सुबह 8 बजे: नटवर स्कूल ग्राउंड में स्वच्छ पर्यटन स्थल अभियान।

26 सितंबर, सुबह 8 बजे: गर्ल्स कॉलेज ग्राउंड में स्वच्छ पर्यटन स्थल अभियान।

29 सितंबर, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 10, पुष्प वाटिका मुक्तिधाम में स्वच्छता से समृद्धि कार्यक्रम।

30 सितंबर, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 1, राजीव नगर मुक्तिधाम में स्वच्छता से समृद्धि कार्यक्रम।

30 सितंबर, सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक: वार्ड क्रमांक 27 स्थित नगर निगम ऑडिटोरियम एवं वार्ड क्रमांक 14 रामलीला मैदान में सफाई मित्र स्वास्थ्य शिविर

1 अक्टूबर, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 19, संजय कॉम्प्लेक्स में एक दिन, एक घंटा, एक साथ एवं स्वच्छ शहर कार्यक्रम।

2 अक्टूबर, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 19, नगर निगम गार्डन में स्वच्छ भारत दिवस कार्यक्रम।

5 अक्टूबर 2026, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 34, सराईभद्दर तालाब में जल स्रोतों एवं जलाशयों की स्वच्छता अभियान।

6 अक्टूबर, सुबह 8 बजे: नगर निगम कार्यालय में संस्थाओं, कार्यालयों, भवनों, स्थानीय विभागों एवं कार्यालय परिसरों की स्वच्छता गतिविधियां

8 अक्टूबर, सुबह 8 बजे: रेलवे स्टेशन परिसर एवं आसपास स्वच्छता अभियान

9 अक्टूबर, सुबह 8 बजे: गीला, सूखा, सेनेटरी एवं स्पेशल केयर अपशिष्ट के पृथक्करण को लेकर स्रोत पृथक्करण एवं होम कंपोस्टिंग के लिए घर-घर जागरूकता अभियान

9 अक्टूबर, शाम 4 बजे: वार्ड क्रमांक 18 स्थित आरपीएफ बैरक के पास गौरीशंकर मंदिर क्षेत्र में स्रोत पृथक्करण एवं होम कंपोस्टिंग संबंधी जागरूकता कार्यक्रम।

14 अक्टूबर, दोपहर 12 बजे: ऑडिटोरियम, पंजीरी प्लांट एवं एमआरएफ प्लांट में स्वच्छ पर्व, हरित पर्व के तहत नवरात्रि के अवसर पर स्वच्छ एवं हरित उत्सव से जुड़ी गतिविधियां।

16 अक्टूबर, सुबह 11 बजे: नगर पालिका निगम सभा कक्ष में स्वच्छ पर्व, हरित पर्व कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

नगर निगम ने अभियान के दौरान शहरवासियों से स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Advertisement
Share This Article