अचानक गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान गिरी गाज, किसान परिवार को भारी आर्थिक नुकसान
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान के 15 मवेशियों की मौत हो गई। घटना के दौरान मवेशियों को चराने वाला चरवाहा बिजली की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। एक साथ बड़ी संख्या में मवेशियों की मौत से किसान परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है।

बीजाडांड में हुई घटना
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमरदर्री अंतर्गत ग्राम बीजाडांड की बताई जा रही है। गांव निवासी किसान मोहर सिंह आयम के मवेशी क्षेत्र में चर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से 7 गाय और 8 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई।
चरवाहा करीब 200 मीटर दूर था
घटना के समय मवेशियों को चराने वाला चरवाहा लाल सिंह घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर था। इसी वजह से वह आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बच गया। घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मुआवजे की मांग
एक साथ 15 मवेशियों की मौत से किसान मोहर सिंह आयम को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान ने प्रशासन से घटना का जायजा लेकर नियमानुसार मुआवजा प्रदान किए जाने की मांग की है।
संवाददाता — बिपत सारथी
मो.: 8120951891




