अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
47 ट्रेनों की जांच में बिना टिकट और अनियमित यात्रा के 733 मामले सामने आए, रेलवे ने यात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील की
बिलासपुर, 15 सितंबर 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने रेल यात्रा के दौरान नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए रायगढ़ स्टेशन सहित प्रमुख रेल सेक्शन में 48 घंटे का विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूला गया।

47 ट्रेनों में हुई सघन जांच
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में 12 और 13 सितंबर को रायगढ़ स्टेशन तथा ब्रजराजनगर-रायगढ़-चांपा-बिलासपुर-भाटापारा सेक्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया। इसमें वाणिज्य निरीक्षकों, मुख्य टिकट निरीक्षकों और टिकट जांच कर्मचारियों की टीम शामिल रही।

अभियान के दौरान इस रेल सेक्शन से गुजरने वाली 47 ट्रेनों की जांच की गई। जांच में बिना टिकट, अनियमित टिकट और बिना बुक किए लगेज के कुल 733 मामले सामने आए।
बिना टिकट यात्रा के सबसे ज्यादा मामले
रेलवे के अनुसार कुल मामलों से 6,70,155 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसमें बिना टिकट यात्रा के 601 मामलों से 6,10,880 रुपये, अनियमित टिकट के 73 मामलों से 52,925 रुपये और बिना बुक लगेज के 59 मामलों से 6,350 रुपये की वसूली शामिल है।
यात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले निर्धारित टिकट जरूर लें। स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए आवश्यकतानुसार प्लेटफॉर्म टिकट लेने की भी सलाह दी गई है।
इसके साथ ही रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने, गंदगी नहीं फैलाने तथा धूम्रपान से बचने की अपील की है। रेलवे का कहना है कि यात्रियों के सहयोग से रेल परिसर को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाया जा सकता है।


