बिलासपुर में 52.41 करोड़ के सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन, अरुण साव ने रखी विकास कार्यों की आधारशिला

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

पेंड्रीडीह चौक से नेहरू चौक तक 15.37 किमी सड़क का होगा मजबूतीकरण, हथनी-नवागांव-गोढ़ी-उडगन मार्ग भी बनेगा

बिलासपुर, 12 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने शनिवार को रमा वैली में आयोजित कार्यक्रम में जिले के लिए 52.41 करोड़ रुपये के विभिन्न सड़क एवं अधोसंरचना विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक धरमलाल कौशिक ने की।

इन परियोजनाओं में 40.79 करोड़ रुपये की लागत से पेंड्रीडीह चौक से नेहरू चौक तक 15.37 किलोमीटर सड़क का मजबूतीकरण, 8.39 करोड़ रुपये से हथनी-नवागांव-गोढ़ी-उडगन मार्ग के 5.75 किलोमीटर हिस्से का निर्माण तथा 3.23 करोड़ रुपये की लागत से बोदरी में नवीन विश्राम गृह का निर्माण शामिल है।

सड़कें मजबूत होने से आवागमन होगा सुगम

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने के बाद बिलासपुर शहर के विभिन्न हिस्सों में आवागमन बेहतर होगा। खासकर हाई कोर्ट सहित शहर के प्रमुख क्षेत्रों तक आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था को भी गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सड़क अधोसंरचना को प्राथमिकता के साथ विकसित कर रही है। उनके अनुसार पिछले ढाई वर्षों में अकेले बिलासपुर जिले में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक के सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। वहीं बिलासपुर संभाग में करीब 3,500 करोड़ रुपये के सड़क विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है।

बारिश के बाद निर्माण कार्यों में आएगी तेजी

अरुण साव ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को स्वीकृत परियोजनाओं को समय पर शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण के लिए 12,666 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। एक वर्ष के भीतर इतनी बड़ी संख्या में सड़क विकास परियोजनाओं को मंजूरी मिलना राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

युवाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से घोषित गारंटियों को राज्य सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। गांवों से लेकर शहरों तक विकास कार्यों को गति दी जा रही है और केंद्र सरकार से भी प्रदेश को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश और उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले न रहें, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाले उद्यमी भी बनें।

धरमलाल कौशिक ने जताया आभार

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक धरमलाल कौशिक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में करीब 400 करोड़ रुपये के सड़क विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क बेहद जरूरी है। अच्छी सड़कें आवागमन के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी गति देती हैं। उन्होंने नगरीय विकास के लिए सरकार की ओर से पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने की बात भी कही।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवनी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article