चार दिन से झुंड से बिछड़ा नन्हा हाथी शावक, मां से मिलाने वन विभाग की 24 घंटे निगरानी

Advertisement
Advertisement

शावक के करीब झुंड को लाने की कोशिश जारी, केले व पौष्टिक आहार से रखी जा रही सेहत का ध्यान

कुड़ेकेला। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल अंतर्गत बोरो रेंज के चाल्हा क्षेत्र में करीब ढाई वर्षीय हाथी शावक पिछले चार दिनों से अपने झुंड से बिछड़ा हुआ है। मां और दल से दूर होने के कारण शावक जंगल में अकेला घूम रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग और हाथी मित्र दल सक्रिय हो गया है। शावक को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाने के लिए वन अमला लगातार निगरानी कर रहा है।

केले और पौष्टिक आहार की विशेष व्यवस्था

अकेले रह रहे शावक की सेहत को लेकर वन विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। निगरानी टीम द्वारा उसके खान-पान का भी ध्यान रखा जा रहा है। शावक को केले सहित अन्य पौष्टिक आहार दिया जा रहा है, ताकि वह कमजोर न हो और उसकी शारीरिक स्थिति सामान्य बनी रहे।

स्वस्थ है शावक, ग्रामीणों से दूरी बनाए रखने की अपील

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार शावक फिलहाल स्वस्थ और सुरक्षित है। उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। मौके पर विशेष निगरानी टीम तैनात है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे उत्सुकतावश शावक के पास न जाएं और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। मानवीय हस्तक्षेप से शावक घबरा सकता है, जिससे स्थिति संवेदनशील हो सकती है।

मां और झुंड की तलाश, करीब लाने की कवायद

वन विभाग के अनुसार शावक का झुंड और उसकी मां क्षेत्र से कुछ किलोमीटर की दूरी पर मौजूद हैं। टीम लगातार झुंड की गतिविधियों और मूवमेंट पर नजर रख रही है। अब मुख्य प्रयास झुंड को शावक के करीब लाने का है, ताकि प्राकृतिक तरीके से नन्हे हाथी को उसकी मां और परिवार से मिलाया जा सके।

वन विभाग को उम्मीद है कि निगरानी और लगातार प्रयासों के जरिए जल्द ही शावक को उसके झुंड से सुरक्षित मिलाने में सफलता मिलेगी।

Advertisement
Share This Article