विकसित भारत के निर्माण में बिलासपुर के युवा निभाएंगे नेतृत्वकारी भूमिका

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में युवाओं को मिलेगा विचार, नवाचार और नेतृत्व क्षमता दिखाने का अवसर

बिलासपुर, 12 सितंबर 2026। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के जरिए युवाओं को अपने विचार, नवाचार और नेतृत्व क्षमता प्रस्तुत करने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपना दृष्टिकोण साझा करने का अवसर मिलेगा।

30 सितंबर तक माय भारत पोर्टल पर क्विज में भाग लेने का मौका

मेरा युवा भारत बिलासपुर के उप निदेशक नितिन शर्मा ने बताया कि जिले में अधिक से अधिक युवाओं को इस पहल से जोड़ने के लिए जागरूकता और सहभागिता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि युवा 30 सितंबर 2026 तक माय भारत पोर्टल पर आयोजित क्विज में हिस्सा ले सकते हैं। चयन प्रक्रिया क्विज से शुरू होकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

युवा संगठनों और शिक्षण संस्थानों से सहभागिता की अपील

उप निदेशक नितिन शर्मा ने पात्र युवाओं के साथ-साथ युवा संगठनों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े युवाओं से अंतिम तिथि से पहले अधिक से अधिक संख्या में क्विज में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचारों को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।

युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति : कलेक्टर

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले के युवाओं से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनके विचार, नवाचार और नेतृत्व क्षमता विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कलेक्टर ने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और अपनी प्रतिभा एवं विचारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की अपील की।

Advertisement
Share This Article