आधुनिक उपकरण से सिग्नल केबल में लीकेज की जांच का सफल प्रदर्शन, पॉइंट एवं क्रॉसिंग का किया आकस्मिक निरीक्षण
बिलासपुर, 4 सितंबर 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने शुक्रवार को उसलापुर स्टेशन का संरक्षा निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए रेल परिचालन से जुड़े सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को संरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

आधुनिक तकनीक से केबल लीकेज की जांच
निरीक्षण के दौरान स्टेशन के केंद्रीय आईपीएस कक्ष में सिग्नल प्रणाली की केबल में विद्युत रिसाव की पहचान के लिए आधुनिक तकनीक का प्रदर्शन किया गया। इसके लिए ‘पोर्टेबल इंसुलेशन मॉनिटर विद फॉल्ट लोकेटर किट’ का उपयोग किया गया।

प्रदर्शन के दौरान ईएलडी की 110 वोल्ट एसी प्रणाली में कृत्रिम अर्थ फॉल्ट उत्पन्न कर उपकरण के माध्यम से लीकेज करंट की सटीक जांच की गई। इस तकनीक की खासियत यह है कि विद्युत परिपथ को अलग किए बिना और रेल परिचालन में किसी तरह का व्यवधान पैदा किए बिना संभावित अर्थ फॉल्ट का पता लगाया जा सकता है।
निवारक रखरखाव पर जोर
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आधुनिक उपकरण के प्रदर्शन का अवलोकन करते हुए इसे सिग्नल और केबल प्रणाली की संरक्षा के लिहाज से उपयोगी पहल बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और नियमित जांच के माध्यम से तकनीकी खामियों की समय रहते पहचान की जा सकती है, जिससे संभावित समस्याओं को गंभीर रूप लेने से पहले दूर किया जा सकेगा।

पॉइंट और क्रॉसिंग का आकस्मिक निरीक्षण
महाप्रबंधक ने उसलापुर स्टेशन के पॉइंट एवं क्रॉसिंग का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर रेल परिचालन से जुड़े संरक्षा मानकों और निर्धारित मापदंडों की जांच की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पॉइंट और क्रॉसिंग की कार्यप्रणाली, रखरखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
संरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
श्री तरुण प्रकाश ने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। तकनीक आधारित निगरानी, समय पर खामियों की पहचान और निवारक रखरखाव से रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सतर्कता एवं पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़




