कोटा में फिल्मी अंदाज की लूट का पर्दाफाश, बुर्का पहनकर घर में घुसे थे आरोपी

Advertisement
Advertisement

रेलवे कर्मचारी से कैश लूट से लेकर हथियार के बल पर जेवर लूट तक की वारदातों का खुलासा, रीवा से जुड़े हथियार कनेक्शन; 6 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। कोटा क्षेत्र में लूट और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले कथित अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने जुलाई में रेलवे कर्मचारी से नकदी लूटने के साथ ही बुर्का पहनकर एक घर में घुसकर महिला को धमकाते हुए सोने के जेवर लूटे थे। ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवर समेत वारदात में इस्तेमाल सामग्री बरामद की गई है।

सलका डैम के पास रेलवे कर्मचारी को बनाया निशाना

पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई को बेलगहना रेलवे स्टेशन से 7,430 रुपये का सरकारी कलेक्शन लेकर जा रहे रेलवे कर्मचारी को सलका डैम के पास बड़े बराबर मोड़ पर आरोपियों ने निशाना बनाया। आरोप है कि बाइक सवार कर्मचारी को धक्का देकर गिराया गया और रुपयों से भरा बैग छीनकर आरोपी फरार हो गए।

बुर्का पहनकर घर में घुसे आरोपी

दूसरी वारदात 18 जुलाई को सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए बुर्के का इस्तेमाल किया और राजकुमारी जायसवाल के घर में प्रवेश किया। महिला के साथ मारपीट करने, हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और करीब 50 हजार रुपये कीमत के सोने के आभूषण लूटने का आरोप है। इनमें तीन फल लॉकेट और गेहूं दाना शामिल बताए गए हैं।

जांच में सामने आया रीवा का कनेक्शन

वारदातों की जांच के दौरान पुलिस को हथियार और लूटे गए सोने को खपाने से जुड़े नेटवर्क की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, मंझगांव निवासी राकेश जायसवाल गिरोह का मुख्य सूत्रधार था। उसने दिव्यांशु जायसवाल और आदर्श तिवारी के साथ मिलकर दोनों वारदातों की योजना बनाई थी।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह को हथियार उपलब्ध कराने में सनी सिंह की भूमिका सामने आई। आरोप है कि सनी गिरोह के सदस्यों को मध्य प्रदेश के रीवा ले गया, जहां उसके भाई के माध्यम से अवैध पिस्टल हासिल की गई।

लूटे गए जेवर खपाने के लिए बनाया नेटवर्क

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि लूटे गए सोने के आभूषणों को बाजार में खपाने के लिए हर्ष नामदेव की मदद ली गई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद जेवर फिरंगीपाड़ा स्थित ज्वेलरी दुकान संचालक हर्ष सोनी को बेचे गए और रकम हासिल की गई।

छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

  • राकेश जायसवाल (35) — निवासी मंझगांव, कथित मुख्य सूत्रधार
  • दिव्यांश जायसवाल (24) — निवासी बिल्लीबंद
  • आदर्श तिवारी (26) — निवासी मौहारखार
  • हर्ष नामदेव (25) — निवासी कोटा
  • हर्ष सोनी (24) — निवासी फिरंगीपाड़ा
  • सनी सिंह (35) — निवासी मस्जिद पारा, कोटा

पिस्टल, सोने के जेवर और वाहन बरामद

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से निम्न सामग्री बरामद की गई है—

  • 01 अवैध पिस्टल
  • लूटे गए सोने के आभूषण
  • अर्टिगा कार क्रमांक CG 10 BL 1645
  • प्लेटिना बाइक क्रमांक CG 10 EN 4637
  • 06 मोबाइल फोन

पुलिस ने लूटे गए सोने के आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है।

कोटा पुलिस की टीम ने जोड़ी कड़ियां

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, एएसआई शिव कुमार साहू, भरत राठौर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा आरक्षक धर्मेंद्र साहू और संजय श्याम की टीम ने जांच के दौरान आरोपियों तक पहुंचने के लिए सुरागों को जोड़ा।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संभावित लोगों और वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article