तोरवा पुलिस का बदमाशों पर शिकंजा, चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले तीन गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

दो युवकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, वर्ष 2024 से फरार लूट-चोरी के स्थायी वारंटी को भी दबोचा

बिलासपुर (तोरवा)। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए तोरवा पुलिस ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं शांति व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका पर दो अन्य युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान वर्ष 2024 से लूट और चोरी के मामलों में फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार किया गया।

चाकू लेकर घूम रहे तीन युवक पुलिस के हत्थे चढ़े

तोरवा क्षेत्र में त्योहारी भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। 2 सितंबर की शाम पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों में भय का माहौल बना रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने संबंधित स्थानों पर घेराबंदी की और तीन आरोपियों को हथियारों सहित पकड़ लिया।

तीन चाकू जब्त, आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन लोहे के धारदार चाकू बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमंत करवा (35), निवासी देवरीखुर्द, दिनेश यादव (22), निवासी देवरीखुर्द और निर्मलदास उर्फ लुलु मानिकपुरी (25), निवासी बॉम्बे आवास, तोरवा के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना तोरवा में अलग-अलग अपराध दर्ज किए। इनमें अपराध क्रमांक 479/2026, 481/2026 और 482/2026 शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

दो साल से फरार स्थायी वारंटी भी गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई के दौरान एक अन्य मामले में भी सफलता मिली। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर लूट और चोरी के दो मामलों में वर्ष 2024 से फरार चल रहे स्थायी वारंटी मोहित उर्फ कांचो मलिक (19), निवासी बापू नगर, तोरवा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार वारंटी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी।

शांति भंग की आशंका पर दो युवकों पर कार्रवाई

सार्वजनिक स्थानों पर विवाद या हुड़दंग की स्थिति उत्पन्न करने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दो अन्य युवकों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इनमें गोविंद यादव (30), निवासी चांटीडीह, सरकंडा और राजा यादव उर्फ राहुल यादव (21), निवासी यादव मोहल्ला, तोरवा शामिल हैं।

दोनों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार कर सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया।

त्योहारी सीजन में पुलिस की लगातार निगरानी

तोरवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान सार्वजनिक शांति भंग करने, अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने या आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि आम नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article